डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की एलएलबी प्रथम, द्वितीय, तृतीय वर्ष और बीएएलएलबी प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम वर्ष की मुख्य और री-परीक्षाएं 25 मई से शुरू होंगी। इसके लिए विश्वविद्यालय ने 30 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि परीक्षाएं 12 जून तक संचालित होंगी और दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 8 से 10 बजे और दूसरी पाली 11 से दोपहर एक बजे तक चलेगी। परीक्षा में 12 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके लिए मंडल में 30 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं ओएमआर शीट पर होंगी। प्रत्येक विषय के प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न होंगे, जिसमें से 80 प्रश्नों का जवाब देना होगा। प्रवेशपत्र जल्द विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
बीएड की परीक्षाएं 25 से, 27 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने बीएड प्रथम और द्वितीय वर्ष की मुख्य और री-परीक्षाओं की तिथि जारी कर दी है। 25 मई से परीक्षाएं होंगी। प्रवेशपत्र बनाने का कार्य चल रहा है। जल्द ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र अपलोड कर दिए जाएंगे।परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि परीक्षाएं नौ जून तक चलेंगी। इसमें करीब 27 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाओं के लिए 30 नोडल केंद्र बनाए जा रहे हैं। परीक्षाएं एक पाली में होंगी। इसका समय दोपहर 2 से 5 बजे तक होगा। जल्द ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेशपत्र अपलोड कर दिए जाएंगे। सभी कॉलेजों को भी परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।







