बाइक से टक्कर मारकर भागे रामपुर खुरहुरिया निवासी 20 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह पेड़ से लटका मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई। वही घटना की जानकारी पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। नगर के वार्ड संख्या सात रामपुर खुरहुरिया निवासी सूरज राजभर (20) मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। शनिवार को वह गेहूं की मड़ाई करने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
काफी खोजबीन के बाद परिजनों को पता चला कि पिवकोल रोड पर वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से जा रहा था, तभी बाइक की टक्कर हो गई। इससे दो पक्षों में विवाद हो गया। बाद में लोगों ने मजदूर के दोनों दोस्तों को मौके से पकड़ लिया, जबकि मृतक फरार हो गया।परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन वह घर नही आया। रविवार सुबह जेडी पब्लिक स्कूल के पीछे शीशम के पेड़ से उसका शव लटका मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने शनिवार शाम हुए सड़क हादसे के विवाद में युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है। सीओ भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पेड़ से लटका एक युवक का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।







