हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र के हीरागढ़ दलीप सिंह स्थित घर में सोमवार सुबह 24 वर्षीय छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। छात्रा के मोबाइल से मिले अजीबोगरीब मैसेज के बाद जब उसका मुंहबोला भाई घर आया तो परिवार वालों को जानकारी हुई। कमरे में पंखे से लटकी छात्रा को उतारकर परिजन अस्पताल ले गए। पुलिस की जांच में छात्रा विवाहित निकली। वर्तमान में वह पति से वह अलग रह रही थी। एमबीपीजी कॉलेज के स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा दीया आर्य के पिता बसंत की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। घर में उसके अलावा तीन छोटी बहनें और मां रहती हैं। मां लोगों के घर में काम कर परिवार का गुजर-बसर करती हैं।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह दीया के मोबाइल से लॉक खोलने वाला चार अंकों का पिन उसके मुंहबोले भाई के पास आया। इस संबंध में उसकी दीया से बात नहीं हो पाई तो वह तुरंत उसके घर पहुंचा। तब तक दीया की मां भी काम से वापस आ गई थी। जब सभी लोग दीया के कमरे में गए तो वह पंखे से लटकी थी। कमरे में दरवाजा नहीं था। आनन-फानन शव उतारकर बेस अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में शव परिवार वालों को सौंपा गया।पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवती को फंदे से उतारकर परिवार वाले अस्पताल ले गए थे। जांच में उसके विवाहित होने और कुछ साल पहले पति से अलग होने की जानकारी मिली है। उसका मोबाइल साक्ष्य के रूप में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। यदि परिवार वाले तहरीर देते हैं तो कार्रवाई भी की जाएगी। – अमित कुमार सैनी, सीओ हल्द्वानी







