काशीपुर। मेडिकल लैब टेक्नीशियन संवर्ग के लंबित कैडर रिव्यू को स्वीकृति मिलने पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और कार्यरत कर्मी पदोन्नति पा सकेंगे। दो दिन पूर्व राज्य सरकार की हुई कैबिनेट बैठक में कैडर रिव्यू को स्वीकृति दी गई है।उत्तराखंड मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कुबेर मबाड़ी, महासचिव महावीर सिंह, काशीपुर सरकारी अस्पताल में तैनात वरिष्ठ तकनीशियन एवं ऊधमसिंह नगर-चंपावत के जिलाध्यक्ष जोगा सिंह, जिला सचिव अनुराग मेहरा समेत कर्मियों ने सरकार का आभार व्यक्त किया है।
एक दशक से लैब टेक्नीशियन इसके लिए लड़ाई लड़ रहे थे। कुबेर मबाड़ी, महावीर सिंह, जोगा सिंह, अनुराग मेहरा ने संयुक्त रूप से बताया कि कैबिनेट से स्वीकृति 350 में से 266 पद मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट, 54 टेक्निकल ऑफिसर, 23 चीफ टेक्नीकल ऑफिसर के पद सृजित हुए हैं। इनमें डेढ़ सौ पदों पर कर्मचारी हैं, शेष रिक्त हैं। दो माह बाद सेवा नियमावली बनने की संभावना है। इसके बाद पद बढ़ सकेंगे। साथ ही डिप्लोमा और डिग्री प्राप्त बेरोजगारों की भर्ती हो सकेगी। यह व्यवस्था होने से हर क्षेत्र में लैब तकनीशियन बैठ सकेगा।दर्जा बढ़ने के साथ पदोन्नति के रास्ते खुल जाएंगे। अभी तक कर्मी तकनीशियन पद पर भर्ती होकर इसी पद से सेवानिवृत्त हो जाता था। अब प्रमोशन का रास्ता खुल जाएंगे।







