Monday, April 20, 2026
spot_img
Homeअपराधदो माह तक किया चोर का पीछा पकड़ा धुना और पुलिस को...

दो माह तक किया चोर का पीछा पकड़ा धुना और पुलिस को सौंपा

कोतवाली क्षेत्र में नशेड़ी चोर को पकड़ने का एक रोचक मामला सामने आया है। चोर ने करीब दो महीने पहले एक फास्ट फूड सेंटर से गैस सिलिंडर चोरी किया था। फास्ट फूड सेंटर संचालक दो महीने तक चोर का पीछा करते रहे। चोर को चोरी करते हुए देखा उसका अपनी बाइक से पीछा किया। चोर पैदल भागने लगा तो उसका पीछा करते हुए पांच दीवारें भी फांदी। चोर को पकड़ा, धुना और पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान बाजार चौकी में पुलिस और व्यापारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।बीती 14 सितंबर को बाजार चौकी क्षेत्र स्थित शिव फास्ट फूड सेंटर से एक गैस सिलिंडर चोरी हो गया था। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई थी। मामले में फास्ट फूड संचालक रामलीला ग्राउंड निवासी अंकित शर्मा ने पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। वहीं, फास्ट फूड संचालक भी चोर की तलाश में जुटे थे। उन्होंने जगह-जगह अपने मुखबिर भी लगाए थे। कई बार उन्होंने चोर को देखा उसका पीछा किया। लेकिन, उसे पकड़ नहीं पाए।रविवार को दोपहर करीब 2:30 बजे अंकित शर्मा को किसी ने सूचना दी की चोर मुख्य बाजार में घूम रहा है। सूचना पर अंकित शर्मा मुख्य बाजार में पहुंचे। उन्होंने देखा कि उनकी दुकान में चोरी करने वाला चोर पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल की दुकान के बाहर के यूटिलिटी से प्याज का कट्टा चोरी कर रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार चोर ने प्याज का कट्टा चोरी किया और ई-रिक्शा से हरबर्टपुर की ओर जाने लगा। फास्ट फूड संचालक बाइक से ई- रिक्शा का पीछा करते हुए मंडी तिराहे तक पहुंचे। चोर ने उन्हें पीछा करते हुए देखा और ई-रिक्शा को रुकवाकर प्याज के कट्टे को मंडी तिराहे के पास एक सैनेट्री की दुकान के बाहर रख दिया। चोर भागने लगा। इस बीच अंकित शर्मा ने अपनी बाइक चोर के बिल्कुल सामने खड़ी कर दी। चोर हरबर्टपुर की ओर भागा और दावत रेस्टोरेंट के पास से कॉलोनी की ओर चला गया। चोर आगे आगे था और फास्ट फूड संचालक पीछे। चोर ने एक के बाद एक पांच घरों की दीवारों को फांदा। फास्ट फूड संचालक भी चोर के पीछे दीवार फांदते हुए चले गए। चोर एक रेहड़ी के नीचे छिप गया। लेकिन, फास्ट फूड संचालक ने उसे देख लिया। फास्ट फूड संचालक और स्थानीय लोगों ने चोर को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। उसकी वीडियो बनाकर उसे बाजार चौकी पुलिस को सौंप दिया।पुलिस ने चोर को नशेड़ी बताया तो फास्ट फूड संचालक और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। मौके पर कई व्यापारी भी पहुंच गए। पुलिस के मुकदमा दर्ज करने के बाद मामला शांत हुआ। शिकायतकर्ता का कहना है कि चोर के गिरोह में सात और लोग शामिल हैं। बताया कि चोर किससे स्मैक खरीदता है, इसकी भी जानकारी पुलिस को मुहैया करवाई जा रही है।कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि विकासनगर के जीवनगढ़ निवासी आरोपी मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine
https://bharatnews-live.com/wp-content/uploads/2025/10/2-5.jpg





Most Popular

Recent Comments