भाजपा की ओर से पंडित दीन दयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के तहत रेलवे रोड स्थित गुरु सिंह सभा परिसर में भाजपा के 11 जिलों के प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक अपने जिलों में मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे देश में चलाया जा रहा है। जब भी नई टोली बनती है तो सभी को प्रशिक्षित किया जाता है। अभी तक भाजपा के 11 जिलों के प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आठ जिलों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। फिर से उत्तराखंड में भाजपा की सरकार आएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यशाला में जिन्हें प्रशिक्षण दिया गया, वह अपने जिले में जाकर शुक्रवार से अन्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे। 7 से 14 मार्च तक प्रश्न वर्ग होंगे। पूरे प्रदेश में 304 मंडलों के जिलों में प्रश्न वर्ग आयोजित किए जाएंगे। अप्रैल आखिरी सप्ताह तक सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा हैट्रिक बनाएगी। इस अवसर पर संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कुंदन परिहार, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, उमेश शर्मा काउ, सविता कूपर, राजेंद्र तड़ियाल, प्रतीक कालिया, मनोज ध्यानी, राजेश दिवाकर,शिव कुमार गौतम, दिनेश सती, सरदार सतीश सिंह, दीपक बिष्ट, नितिन सक्सेना, दीपक धमीजा आदि उपस्थित रहे।







