अल्मोड़ा जिले के रानीखेत में भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। सेना ने वर्ष 2026 की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो गया है जो एक अप्रैल तक चलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा (सीईई) देशभर के 176 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।आवेदन शुल्क 250 रुपये ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही आगे की भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के अंतर्गत उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के युवा इस भर्ती में भाग ले सकेंगे।
इस बार उम्मीदवारों को एक साथ दो पदों के लिए आवेदन करने की सुविधा दी गई है जिससे प्रतिस्पर्धा और अधिक बढ़ने की संभावना है। आयु सीमा में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पहले जहां अधिकतम आयु 21 वर्ष थी, उसे बढ़ाकर 22 वर्ष कर दिया गया है। अब 17 साल 6 महीना से 22 वर्ष के युवा आवेदन कर सकेंगे। सेना ने युवाओं से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है। खेल, एनसीसी और आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को बोनस अंक का लाभ मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के खिलाड़ियों को अलग-अलग अंक दिए जाएंगे। एनसीसी के सी प्रमाणपत्र धारकों को अधिकतम 20 अंक तक की छूट मिलेगी।
पदानुसार शैक्षिक योग्यता
जनरल ड्यूटी – 10 पास
ट्रेड्समैन – 8 व 10 पास
टेक्निकल/क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल – 12 (विज्ञान वर्ग) पास
महिला सैन्य पुलिस/नर्सिंग सहायक – 10 पास







