Thursday, May 14, 2026
spot_img
Homeउत्तराखण्डजामुनवाला लूटकांड खुद ही शराब लेकर गया था साथ लूट तो हुई...

जामुनवाला लूटकांड खुद ही शराब लेकर गया था साथ लूट तो हुई पर नहीं हुआ था सॉफ्टवेयर इंजीनियर का अपहरण

जामुनवाला में हुए लूटकांड के एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने बुधवार को घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर आकाश के साथ लूट तो हुई थी पर उसका अपहरण नहीं हुआ था। स्कूटी सवार दोनों आरोपियों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे स्कूटी पर बैठाया और बाद में खाने-पीने के लिए साथ चलने को कहा। आकाश खुद अपनी शराब की बोतल लेकर आरोपियों के साथ चलने को राजी हुआ। जामुनवाला में शराब पीने के बाद आरोपियों ने उसके मोबाइल और पैसे छीन लिए। इस दौरान छीना-झपटी में बचाव के दौरान आकाश पुल से नीचे गिरा। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी मृदुल गुरुंग के पास से मोबाइल बरामद किया है।

घटना छह मई की देर रात की है। पुलिस के अनुसार, शिवाजी मार्ग कांवली रोड निवासी विनोद कुमार ने प्रेमनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र आकाश, जो आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और गढ़ी कैंट का रास्ता पूछने के बहाने उसे अपने साथ बैठा लिया। पिता ने तहरीर में आरोप लगाया था कि दोनों युवक आकाश को प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला पुल के पास ले गए, जहां उसके साथ मारपीट कर दो मोबाइल फोन और छह सौ रुपये लूट लिए। छीना-झपटी के दौरान आकाश पुल से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। वर्तमान में उसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।

110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर प्रेमनगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर 12 मई को पुलिस ने मीठी बेरी रोड, प्रेमनगर से आरोपी मृदुल गुरुंग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी अस्मित थापा देर रात घूमने निकले थे। दोनों ने युवक को रास्ता पूछने के बहाने स्कूटी पर बैठाया और बाद में शराब पीने के दौरान उससे मोबाइल फोन और नगदी लूट ली। मारपीट के दौरान युवक पुल से नीचे गिर गया, जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए ही आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस फरार आरोपी अस्मित थापा की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

अनसुलझे हैं कुछ सवाल
घटना का खुलासा होने के बावजूद कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं। रात दो बजे के बाद शराब पीने के लिए साथ में खाने का सामान कहां से लिया ये अभी स्पष्ट नहीं हुआ। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक पीडि़त जब बयान देने के लिए स्वस्थ हो जाएगा तब कई चीजें स्पष्ट होंगी। उधर, पीडि़त घटना वाले दिन से ही मीडिया में खूब बयानबाजी कर रहा है लेकिन ज्यादा दर्द के कारण पुलिस के सवालों के जवाब नहीं दे रहा है। इसके अलावा लूटे गए मोबाइल से हुई एक फोन कॉल का राज भी नहीं खुला।

spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine
https://bharatnews-live.com/wp-content/uploads/2025/10/2-5.jpg





Most Popular

Recent Comments