चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सुनील कुमार मीणा ने ट्रांजिट कैंप परिसर में पौड़ी, देहरादून और टिहरी के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहनों को डायवर्ट करने के दौरान तीनों जिलों की पुलिस आपस में समन्वय में रहे। उन्होंने चारधाम यात्रा मार्ग का निरीक्षण भी किया।सुनील मीणा ने भानियावाला से नेपालीफार्म, नेपालीफार्म से ऋषिकेश तक हाईवे का निरीक्षण किया। ट्रांजिट कैंप में पुलिस कंट्रोल रूम, सीसीटीवी, ड्यूटी प्वाइंट, ट्रांजिट कैंप में पार्किंग एरिया और ड्राेन कैमरे के बारे में जानकारी ली। आईजी ने कहा कि नेपालीफार्म से ऋषिकेश के मध्य वाहनों का दबाव होने पर पुलिस की ओर से सी प्लान चलाया जाता है तो इस दौरान देहरादून, टिहरी और पौड़ी जिले की पुलिस आपस में समन्वय रखेगी। सी प्लान के तहत यातायात पुलिस की ओर से पर्यटकों, यात्रियों के वाहनों को नेपालीफार्म से भानियावाला, बड़कोट बैंड होते हुए नरेंद्रनगर भेजे जाते हैं। नरेंद्रनगर से वाहन भद्रकाली होते हुए ऋषिकेश आते हैं। भद्रकाली से कई वाहन देवप्रयाग की ओर निकलते हैं, कई नीलकंठ जाते हैं। एसपी देहात जया बलूनी ने कहा कि शुक्रवार से ट्रांजिट कैंप, हरबर्टपुर, विकासनगर में पंजीकरण काउंटर खुल जाएंगे। पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। इस अवसर पर एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे, सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र भंडारी, सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल, एसआई लक्ष्मणझूला पौड़ी रमेश पोखरियाल आदि उपस्थित रहे।
तीन जिलों की पुलिस को दिया तालमेल का मंत्र आईजी ने परखीं तैयारियां
RELATED ARTICLES







