क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 26 मई को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में प्रमुख रूप से तीन कंपनियां टीम लीज, आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड और कैंप (108) भाग ले रही हैं। इन कंपनियों की ओर से कुल 92 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
पदों में इंजीनियर, वायरमैन, सेल्स एंड सर्विसेज, मैनेजमेंट ट्रेनी, सेल्स मैनेजर, असिस्टेंट, ईएमटी, पायलट, डीपीओ (डिस्ट्रिक्ट प्रोग्रामर) समेत अन्य शामिल हैं। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और तकनीकी योग्यता निर्धारित की गई है। आयु सीमा 18 से 42 वर्ष के बीच रखी गई है। चयनित उम्मीदवारों को 13,550 रुपये से लेकर 35,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।







