मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कैंप परिसर से चारधाम जाने वाले यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। चारधाम रवाना होने से पहले यात्रियों में उत्साह नजर आया। यात्रियों ने जय बाबा केदार, जय बदरीविशाल, जय मां गंगे और जय मां यमुना के जयकारे के साथ यात्रा का श्रीगणेश किया।कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त यात्रा रोटेशन समिति की ओर से किया गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज ऐसा लग रहा है कि भगवान यहां आए हुए हैं। कहा कि जिसके मन में सनातन है, चारधाम की यात्रा वही करता है और उस पर भगवान की कृपा सदैव बनी रहती है। यह चारधाम यात्रा आस्था, साधना और शिवत्व को जोड़ने का मार्ग है।यात्रा में कठिन भौगोलिक परिस्थितियां आती हैं, लेकिन कठिन यात्रा ही भगवान को पाने का मार्ग है। जिनका जन्म इस देवभूमि में हुआ है, वह तो सौभाग्यशाली है और जो इस देवभूमि में आ रहे हैं वह परम सौभाग्यशाली हैं। चारधाम यात्रा हमारी आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है।
इस वर्ष भी चारधाम यात्रा नया आयाम स्थापित करेगी। हमारी सरकार इस यात्रा को सुगम बनाने में सदैव प्रयासरत है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं और कई कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री की योजना से हेमकुंड यात्रा को सुगम बनाने के लिए गोविंदघाट से हेमकुंड तक रोपवे योजना प्रस्तावित है।यात्रियों की सुविधा के लिए हाल ही में प्रधानमंत्री ने देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, जो बहुत बड़ी उपलब्धि है। चारधाम यात्रा में यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त होगी। इसके अलावा तीर्थयात्रियों के लिए यातायात की सभी सुविधाएं दुरुस्त की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में प्रधानमंत्री के लोकल फॉर वोकल के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पहाड़ी उत्पादों को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों से समूह की ओर से उत्पादित उत्पादों का क्रय विक्रय करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के खिलाफ भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान
यात्रियों को यात्रा का सही फल तभी मिलेगा जब यात्रा के नियमों का पालन होगा। यात्रा का पहला नियम है कि चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्री स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। प्रधानमंत्री के इस अभियान में तीर्थयात्री भी सहयोग करें। उन्होंने तीर्थयात्रियों से चारधाम यात्रा को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील की है। इसके लिए उन्होंने चारधाम यात्रा के सभी वाहनों में कूड़ेदान रखना अनिवार्य करने की बात कही।
स्वास्थ्य जांच के बाद ही यात्रा पर निकलें : उनियाल
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों से अपील करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम में ऑक्सीजन की कमी है। यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए यात्री अपने स्वास्थ्य जांच के बाद ही यात्रा पर निकलें। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए यातायात व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई है। यात्रा में तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने बापूग्राम वाशिंदों को दिया आश्वासन
तीन महीने से राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग कर रहे बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारी और लोगों की समस्या विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। मुख्यमंत्री ने बापूग्राम के वाशिंदों को आश्वासन दिया कि वह इसके लिए पूरी तरह प्रयासरत हैं। जनहित में निर्णय लिया जाएगा। वह स्थानीय लोगों को निराश नहीं करेंगे।
ट्रांजिट कैंप में व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
चारधाम यात्रा में जाने वाले तीर्थयात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप परिसर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। ट्रांजिट कैंप परिसर में लगे स्टॉलों, पंजीकरण काउंटर और भोजन व्यवस्था काउंटर का निरीक्षण किया।
स्वच्छता किट और कपड़े के थैले वितरित
तीर्थयात्रियों को नगर निगम की ओर से कपड़े के थैले वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को थैले वितरित कर इसका श्रीगणेश किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यात्रियों को स्वच्छता किट भी वितरित की।







